सीवान। न्यूजस्टिच
सीवान जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास बीजेपी नेता के परिजनों पर जानलेवा हमला करने वाले एक शातिर बदमाश सोनू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई बड़हरिया थाना क्षेत्र में हुई है, जहां आरोपी के छिपे होने की सूचना मिली थी। बता दें कि चार दिन पहले इस घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना में भाजपा नेता के भांजा की मौत हो गई थी। वहीं बहनोई का इलाज जारी है.
साइड लेने के मामूली विवाद में गई थी जान
घटना की शुरुआत नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास हुई थी। जानकारी के अनुसार, सड़क पर वाहन को साइड देने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने बीजेपी नेता के बहनोई चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस दुखद घटना में भांजे हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चंदन सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।
बड़हरिया में हुई मुठभेड़
बीजेपी नेता के परिवार पर हुए इस हमले के बाद इलाके में काफी आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान एसपी के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमें अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी बड़हरिया थाना क्षेत्र के इलाके में छिपा हुआ है। जैसे ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, आरोपी ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह बदमाश मारा गया। एसपी ने पुष्टि की है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ढेर हो गया है।
प्रशासनिक रुख
पुलिस इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और गिरोह के सदस्यों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में भय व्याप्त होगा और जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत होगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी या यह केवल सड़क पर उपजा तात्कालिक विवाद ही था।
ये भी पढ़ें:
Siwan Crime News: सीवान में सरेआम मौत का तांडव! भाजपा नेता के परिवार को अपराधियों ने बनाया निशाना, इलाके में दहशत

