जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और रात्रि के समय आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्णिया पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देशानुसार पूरे जिले में अनुमंडलवार प्रतिदिन रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 04:00 बजे तक “सुपर-पेट्रोलिंग” की विशेष व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी और चौकस बनाना है, ताकि आम नागरिक किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने आमजन की सहूलियत के लिए अनुमंडलवार पुलिस अधिकारियों और उनके संपर्क नंबरों की सूची सार्वजनिक की है। सदर-2 अनुमंडल क्षेत्र के तहत कसबा, जलालगढ़, के०नगर, श्रीनगर और चम्पानगर थाना क्षेत्र आते हैं, जहां गश्ती के लिए अंचल पुलिस निरीक्षक शिव कुमार पासवान (मोबाइल नंबर: 8340478369) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बायसी अनुमंडल के बायसी, डगरुआ, अमौर, रौटा और अनगढ़ थाना क्षेत्रों के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र पाण्डेय (मोबाइल नंबर: 9031827774 / 9934034162) को सुपर-पेट्रोलिंग अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा बनमनखी अनुमंडल के बनमनखी, जानकीनगर और सरसी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए धमदाहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत प्रताप सिंह चौहान (मोबाइल नंबर: 9031827776 / 7317501666) को दायित्व दिया गया है।
पूर्णिया पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे रात्रि के समय किसी भी प्रकार की असुविधा, संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन परिस्थिति में बिना झिझक इन नंबरों पर संपर्क करें। नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए पुलिस बल हर समय तत्पर रहेगा। इसके साथ ही पुलिस की गतिविधियों से अपडेट रहने के लिए आमजन उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का भी सहारा ले सकते हैं।

