बिहार में विधायक के भाई की हत्या : पूर्व मंत्री और मधेपुरा विधायक के भाई की गोलीमार की हत्या, मृतक थे पीएचडी के छात्र

बिहार में विधायक के भाई की हत्या : पूर्व मंत्री और मधेपुरा विधायक के भाई की गोलीमार की हत्या, मृतक थे पीएचडी के छात्र

पूर्णिया । न्यूजस्टिच

बिहार के मधेपुरा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक पीएचडी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव (वार्ड संख्या-7) निवासी सुनील यादव के 25 वर्षीय पुत्र प्रिंस रंजन के रूप में हुई है। खास बात यह है कि प्रिंस रंजन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक और पूर्व मंत्री प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और कोहराम मच गया है।

बीएन मंडल यूनिवर्सिटी जा रहे थे छात्र

मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी पल्सर बाइक से बीएन मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर के पश्चिमी छोर पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में लोगों की मदद से घायल प्रिंस रंजन को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

दिनदहाड़े एक विधायक के रिश्तेदार और यूनिवर्सिटी के छात्र की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।