भक्ति की आड़ में ‘पाप’ की कथा! दरभंगा पुलिस ने चर्चित कथावाचक श्रवण दास महाराज को दबोचा, लगे कई संगीन आरोप

बिहार के दरभंगा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने धार्मिक गलियारों और समाज को झकझोर कर रख दिया है। अपनी कथाओं और प्रवचनों से लोगों को धर्म का मार्ग दिखाने वाले चर्चित कथावाचक श्रवण दास जी महाराज को दरभंगा महिला थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महाराज पर किसी और ने नहीं, बल्कि एक नाबालिग बच्ची की मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

यह मामला केवल धोखे का नहीं, बल्कि एक महिला की अस्मत और विश्वास के साथ लंबे समय तक खिलवाड़ करने का है। महिला थाना में दर्ज कांड संख्या 182/25 के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि श्रवण दास महाराज ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। महाराज ने शादी का वादा कर पिछले एक वर्ष से महिला के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती भी हुई, लेकिन आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से शादी का झांसा बरकरार रखा और दबाव बनाकर उसका गर्भपात करवा दिया।

सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी महाराज और पीड़िता की शादी की रस्में दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद जब समाज में चर्चाएं शुरू हुईं, तो महाराज ने अपने असली तेवर दिखाने शुरू कर दिए। उन्होंने न केवल शादी की बात से साफ इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता को पहचानने तक से मना कर दिया।

महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दरभंगा महिला थाना की पुलिस ने गहन छानबीन की। प्राथमिक साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने चर्चित कथावाचक श्रवण दास जी महाराज को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा है। श्रवण दास के चाहने वालों के बीच यह खबर आग की तरह फैल गई है। यह मामला एक बार फिर उन स्वयंभू बाबाओं और कथावाचकों पर सवालिया निशान खड़ा करता है जो धर्म की ओट में अपराध की कथा लिखते हैं। फिलहाल, दरभंगा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *