ब्रेकिंगः पनोरमा ग्रुप पर ED का एक्शन, पूर्णिया-छातापुर के ठिकानों पर सुबह-सुबह छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका

पूर्णिया/सुपौल। न्यूजस्टिच
बिहार में रियल स्टेट सेक्टर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंस्ट्रक्शन कंपनी पनोरमा ग्रुप पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कस गया है। मंगलवार सुबह करीब 06 बजे से ही ED की टीमों ने ग्रुप के पूर्णिया और सुपौल के छातापुर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया स्थित पनोरमा सिटी और ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा के आवास समेत कई कार्यालयों पर भारी सुरक्षा बल के साथ अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले को लेकर बताई जा रही है। अचानक हुई इस छापेमारी से व्यावसायिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पनोरमा ग्रुप पिछले कुछ वर्षों में तेजी से उभरा है, और अब ED की नजर कंपनी के वित्तीय लेन-देन और निवेश के स्रोतों पर है। फिलहाल, छापेमारी जारी है और आधिकारिक तौर पर ईडी की ओर से कोई बड़ा बयान सामने नहीं आया है।

कौन हैं संजीव मिश्रा
बता दें कि संजीव मिश्रा केवल एक बड़े बिल्डर ही नहीं, बल्कि मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। उनके राजनीतिक रसूख और रियल एस्टेट में उनकी बड़ी हिस्सेदारी के कारण इस छापेमारी को काफी अहम माना जा रहा है।

इन ठिकानों पर हुई कार्रवाई
टीम ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए एक साथ दबिश दी।
मुख्य कार्यालय जिला स्कूल रोड स्थित हेड ऑफिस। रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट: ई-होम्स पनोरामा और अन्य साइट्स। स्टाफ कनेक्शन: कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण कर्मियों के आवासों पर भी टीम मौजूद है।

जांच के घेरे में वित्तीय साम्राज्य
सूत्रों के अनुसार, आईटी टीम संजीव मिश्रा और उनके परिजनों से बंद कमरे में पूछताछ कर रही है। छापेमारी का मुख्य केंद्र ये बिंदु हैं।
जमीन खरीद-बिक्री: पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर हुई जमीन की डील्स के कागजात। कैश ट्रांजेक्शन: वित्तीय लेन-देन और अघोषित निवेश के दस्तावेजों की बारीकी से जांच। स्टाफ से पूछताछ: कंपनी के अकाउंट्स संभालने वाले प्रमुख कर्मियों के लैपटॉप और मोबाइल डेटा को भी खंगाला जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छापेमारी के दौरान पनोरामा ग्रुप के सभी ठिकानों को सुरक्षा बलों ने अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया है। बाहर से किसी भी व्यक्ति के अंदर जाने या अंदर से बाहर आने पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है। हालांकि, टीम ने अब तक इस रेड को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा साझा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया अभी जारी है, जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति और दस्तावेजों का खुलासा किया जाएगा।

1 thought on “ब्रेकिंगः पनोरमा ग्रुप पर ED का एक्शन, पूर्णिया-छातापुर के ठिकानों पर सुबह-सुबह छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *