बिहार के मधुबनी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ राजनगर थाना पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में जिले का कुख्यात अपराधी अरशद पुलिस की गोली का शिकार हुआ है। पुलिस ने अरशद का ‘हाफ एनकाउंटर’ करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि अरशद बहुचर्चित राजा राम मंडल हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
घेराबंदी देख पुलिस पर की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, राजनगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजा राम मंडल हत्याकांड में शामिल मुख्य अपराधी अरशद अपने ठिकाने पर छुपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव स्थित उसके ठिकाने पर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी अरशद ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस टीम पर दो राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
अपराधी की ओर से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पुलिस की एक गोली अरशद के पैर में जा लगी, जिसके बाद वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया और इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। अरशद गौसनगर गांव का ही रहने वाला है और उस पर हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
5 अपराधी थे हत्याकांड में शामिल
पुलिस के मुताबिक, राजा राम मंडल की निर्मम हत्या में कुल 5 अपराधी शामिल थे, जिनमें अरशद की तलाश पुलिस को सबसे ज्यादा थी। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। एसपी ने इस सफल ऑपरेशन के लिए राजनगर थाना पुलिस की सराहना की है। अपराधी के पास से हथियार और कारतूस बरामद होने की भी सूचना है।

