महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के असमय निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। शोक व्यक्त करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री, केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस नेता सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने अजीत पवार को एक कर्मठ प्रशासक, जननेता और विकास के प्रति समर्पित राजनेता के रूप में याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजीत पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “श्री अजीत पवार जी लोगों के नेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव था। उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,
“महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के असमय निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे। वे करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शोक संदेश में कहा,
“अजीत पवार का निधन बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। वे एक कर्मठ और अच्छे प्रशासक थे। उनके जाने से सार्वजनिक जीवन को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। ईश्वर उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
कांग्रेस नेता प्रियांका गांधी वाडरा ने कहा,
“समस्त पवार परिवार और उनके समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। इस दुखद घड़ी में मैंने सुप्रिया जी और उनकी पत्नी से बात कर उन्हें सांत्वना दी है।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा,
“महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन की खबर बेहद दुखद है। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान इस कठिन समय में उनके परिवार और पार्टी के सदस्यों को शक्ति प्रदान करें। हम इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं।”
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा,
“मैंने हमेशा वही किया जो उन्होंने कहा। वे एक बहादुर इंसान थे। बारामती क्षेत्र के विकास में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा। मैं पूरे पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
अभिनेत्री व सांसद कांगना रनौत ने भी शोक जताते हुए कहा,
“यह बहुत ही दुखद खबर है। इस पर कहने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।”

