मोतिहारी। न्यूजस्टिच
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शुक्रवार की देर शाम एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे चल रहे आधा दर्जन राहगीरों को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई और कई अन्य लोग जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
घटना छौड़ादानो प्रखंड मुख्यालय के जनता चौक से नहर रोड जाने वाली सड़क की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक एंबुलेंस मौत की रफ्तार से नहर रोड की ओर बढ़ रही थी। एंबुलेंस इतनी अनियंत्रित थी कि जीप स्टैंड के समीप सड़क किनारे चल रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन एंबुलेंस ने एक-एक कर आधा दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
घर का चिराग बुझा, चचेरा भाई गंभीर
इस हृदयविदारक हादसे में छौड़ादानो थाना क्षेत्र के भेलवा गांव निवासी उमाशंकर राम के 16 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कुणाल का चचेरा भाई 14 वर्षीय आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद आकाश की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे मोतिहारी रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
गुस्साए ग्रामीणों ने की चालक की धुनाई
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे एंबुलेंस चालक (निवासी कटहड़िया गांव) को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभात कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ इतनी उग्र थी कि वे चालक को पुलिस के हवाले करने को तैयार नहीं थे। पुलिस को चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त कर लिया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक कुणाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद भेलवा गांव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाई जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

