munger gun misfire private guard cctv bekapur market accident

मुंगेरः लोडेड दोनाली गिरी, खुद-ब-खुद हुई फायर, ज्वेलरी शॉप कर्मचारी हुआ घायल

मुंगेर । न्यूजस्टिच
बिहार के मुंगेर में एक बड़ी लापरवाही की खबर आ रही है। जहां एक बेगुनाह की जान जाते-जाते बची। दरअसल, बेकापुर बाजार में उस वक्त सन्नाटा पसर गया जब एक निजी गार्ड के कंधे से उसकी लोडेड दोनाली बंदूक गिरी और खुद-ब-खुद फायर हो गई। इस मिसफायरिंग में एक ज्वेलरी शॉप का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका फिलहाल इलाज चल रहा है।

बेल्ट टूटने से गिरी बंदूक से चली गोली
सीसीटीवी में कैद तस्वीरों के मुताबिक, मुफस्सिल निवासी पवन कुमार सिंह (एक बैंक का प्राइवेट गार्ड) अपनी साइकिल से गैस बुकिंग के लिए बाजार पहुंचा था। जैसे ही उसने साइकिल खड़ी कर फिर से आगे बढ़ने की कोशिश की, उसके कंधे पर टंगी बंदूक का बेल्ट अचानक टूट गया। जमीन से टकराते ही लोडेड बंदूक का ट्रिगर दब गया और जोरदार धमाके के साथ छर्रे निकल गए।

ज्वेलरी शॉप में काम कर रहे युवक को पैर में लगे छर्रे
फायरिंग के वक्त सामने की दुकान में काम कर रहा फतुहा निवासी बिट्टू कुमार इसकी चपेट में आ गया। गोली के छर्रे सीधे उसके दोनों पैरों में जा लगे। लहूलुहान हालत में बिट्टू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत यह रही कि गोली किसी के सिर या सीने पर नहीं लगी, वरना बाजार में लाशें बिछ सकती थीं।

पुलिस ने जब्त की गार्ड की बंदूक
घटना के तुरंत बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गार्ड को हिरासत में ले लिया है और हथियार जब्त कर लिया गया है। लेकिन यह सवाल खड़ा होता है कि क्या भीड़भाड़ वाले बाजार में लोडेड हथियार को इस तरह लापरवाही से ले जाना जायज है? फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य मानकर कानूनी कार्रवाई कर रही है।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *