केंद्र सरकार ने डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा बदलाव करते हुए नया आधार ऐप (Aadhaar App) लॉन्च किया है। इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब इसके जरिए किसी भी व्यक्ति की उम्र का सत्यापन (Age Verification) बिना उसकी निजी जानकारी साझा किए किया जा सकेगा। यह कदम डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट के तहत डेटा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।
डेटा की ‘ओवरशेयरिंग’ पर लगेगी लगाम
आईटी सचिव एस. कृष्णन ने ऐप के लॉन्चिंग के दौरान बताया कि अक्सर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया या गेमिंग साइट्स पर उम्र की जांच के लिए पूरा आधार डेटा साझा करना पड़ता था। लेकिन इस नए ऐप के साथ ‘एज गेटिंग’ (Age Gating) की प्रक्रिया बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगी। अब कंपनियां सिर्फ यह जान सकेंगी कि यूजर की उम्र संबंधित सेवा के लिए उपयुक्त है या नहीं, उन्हें यूजर का पूरा आधार विवरण देखने की जरूरत नहीं होगी।
खत्म होगा फोटोकॉपी का झंझट
अक्सर देखा जाता है कि होटल, सिनेमा हॉल या सरकारी दफ्तरों में पहचान के लिए आधार की फोटोकॉपी मांगी जाती है। UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने स्पष्ट किया कि नया ऐप पेपरलेस वेरिफिकेशन को बढ़ावा देगा। आधार एक्ट के तहत निजी संस्थाओं द्वारा आधार डेटा या फोटोकॉपी को स्टोर करना प्रतिबंधित है। अब लोग ऐप के जरिए ही डिजिटल ऑथेंटिकेशन कर सकेंगे, जो पूरी तरह सुरक्षित और वैध होगा।
ऐप की 5 बड़ी खासियतें:
एज वेरिफिकेशन: सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स साइट्स बिना अतिरिक्त डेटा लिए उम्र की पुष्टि कर सकेंगी।
घर बैठे अपडेट: अब मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं, यह ऐप से ही हो जाएगा। एड्रेस अपडेट की सुविधा भी इसमें शामिल है।
एक ऐप, पांच प्रोफाइल: एक ही ऐप में परिवार के 5 सदस्यों (बच्चों या माता-पिता) के प्रोफाइल जोड़े जा सकेंगे। एयरपोर्ट या इवेंट्स में यह बहुत काम आएगा।
डिजिटल कॉन्टैक्ट कार्ड: अब पेपर कार्ड के बजाय आप ऐप के जरिए अपना कॉन्टैक्ट साझा कर सकेंगे।
बच्चों की सुरक्षा: उम्र सत्यापन की सख्त प्रक्रिया से बच्चों को इंटरनेट पर ‘अनुपयुक्त सामग्री’ (Inappropriate Content) से बचाने में मदद मिलेगी।
कैसे काम करेगा यह सिस्टम?
सरकार ने ‘स्विक रूल्स’ (Swik Rules), 2020 में संशोधन किया है ताकि निजी संस्थाएं सुरक्षित आधार ऑथेंटिकेशन का उपयोग कर सकें। कई कंपनियां पहले से ही ऐसे समाधान विकसित कर रही हैं, जिनका प्रदर्शन हाल ही में आयोजित आधार कार्यक्रम में किया गया।

