पटनाः न्यूजस्टिच
राजधानी के नदी थानाक्षेत्र अंतर्गत सबलपुर बासतल इलाके में खेल का मैदान उस वक्त जंग के मैदान में बदल गया, जब महज 9 हजार रुपये के विवाद में एक 16 वर्षीय किशोर को अपनी जान गंवानी पड़ी। पिछले 1 फरवरी से लापता अमित कुमार का शव आज पांचवें दिन पुलिस और SDRF की टीम ने गंगा नदी से बरामद कर लिया है.
9 हजार रुपये और क्रिकेट का खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, पूरी घटना की शुरुआत 19 जनवरी को एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई। मैच में 9 हजार रुपये की राशि को लेकर अमित और स्थानीय लड़कों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है कि 1 फरवरी को स्थानीय लड़कों ने हर्जाने की राशि देने के बहाने अमित और उसके दोस्तों को बासतल बुलाया।
जान बचाने को गंगा में कूदे, पर नहीं बचा अमित
परिजनों के मुताबिक, जैसे ही अमित और उसके दोस्त वहां पहुंचे, घात लगाए लड़कों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अमित और उसके दोस्त गंगा नदी में कूद गए। इस दौरान भी हमलावरों ने उनके साथ पानी में मारपीट की। अमित के दोस्त तो तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन अमित रहस्यमय ढंग से लापता हो गया।
परिजनों का आरोप: हत्या कर शव नदी में फेंका
मृतक अमित के चाचा अंकित कुमार ने स्थानीय लड़कों पर पीट-पीटकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगा में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।

