पटना। न्यूजस्टिच
राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला गोपालपुर थाना अंतर्गत शाहपुर इलाके का है, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो सगे भाइयों की निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया है।
रिसेप्शन पार्टी के दौरान चलीं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, मंजीत और मनीष नामक दो सगे भाई एक रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान ही अज्ञात अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनंद-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए NMCH (नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) ले जाया गया। हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और प्राथमिक जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मौके से 03 खोखे बरामद किए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह वारदात किसी सोची-पुलझी साजिश का हिस्सा लग रही है। पुलिस जांच टीम ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस आसपास के लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सगे भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।

