राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी है। ताजा मामला आलमगंज थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस हाफ एनकाउंटर में अपराधी के पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए NMCH में भर्ती कराया गया है।
गंगा घाट पर रंगदारी मांगना पड़ा भारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खाजेकला निवासी कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या गायघाट गंगा तट के पास मौजूद है और नाविको से डरा-धमका कर रंगदारी वसूल रहा है। सूचना के आधार पर STF, DIU और आलमगंज थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी सूर्या ने समर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जो सूर्या के पैर में लगी। अपराधी के गिरते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से एक देसी कट्टा और तीन खोखे बरामद किए गए हैं।
डेढ़ दर्जन मामलों में थी तलाश
सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सूर्या पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे करीब 1.5 दर्जन (18) संगीन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। घटनास्थल पर FSL की टीम ने भी जांच के नमूने एकत्र किए हैं।

