बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में निष्पक्षता, नवाचार और उत्कृष्ट प्रबंधन की नई मिसाल पेश करने वाले पूर्णिया जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। भारत निर्वाचन आयोग ने पूर्णिया के जिलाधिकारी (DM) अंशुल कुमार को देश के सर्वोच्च निर्वाचन सम्मान ‘बेस्ट डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन अवार्ड’ के लिए चुना है। यह सम्मान उन्हें 25 जनवरी 2026 को ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रदान किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने माना पूर्णिया का लोहा
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक पत्र भेजकर इस उपलब्धि की पुष्टि की है। पत्र में कहा गया है कि पूर्णिया जिले द्वारा स्थापित चुनाव प्रबंधन के मानक पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं। सीमांचल के इस जिले ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराकर इतिहास रचा है।
टीम वर्क और दूरदर्शी नेतृत्व की जीत
इस सफलता का श्रेय जिलाधिकारी अंशुल कुमार के कुशल नेतृत्व और जिले के प्रत्येक चुनाव कर्मी की मेहनत को दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह अवार्ड केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि जिले के निम्न स्तर से उच्च स्तर तक के हर कर्मी की निष्ठा का परिणाम है।
मीडिया और राजनीतिक दलों का रहा सकारात्मक सहयोग
इस चुनावी कीर्तिमान को स्थापित करने में स्थानीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भूमिका भी सराहनीय रही। मतदाताओं को जागरूक करने से लेकर सूचनाओं के सही आदान-प्रदान तक, मीडिया ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। साथ ही, सभी राजनीतिक दलों के सकारात्मक रुख ने इस प्रक्रिया को निर्बाध और सफल बनाया।

