सोमवार को जहां पूरा देश 77वां गणतंत्र मना रहा था। वहीं दूसरी ओर इसी दिन पूर्णिया की बेटी की अस्मत लूटी जा रहा थी। इससे पहले 10 जनवरी को भी डगरुआ में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। 27 जनवरी की सुबह शहर के नेवालालचौक पर युवा व्यवसायी सूरज बिहारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं को देखकर लगता है कि शहर में अपराधियों को मनोबल बहुत बढ़ गया और शहर की आबोहवा आम लोगों के लिए सुरक्षित नहीं रह गई।
जानकीनगर में नाबालिग के साथ हुआ दुष्कर्म
जानकीनगर थाना क्षेत्र में एक महादलित परिवार की नाबालिग बेटी के साथ हैवानियत की गई है। मकई के खेत में मासूम को हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। लेकिन इस घटना ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गहरा जख्म दे दिया है।
गमछे से मुंह बांधकर खेत में ले गया दरिंदा
घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है। पीड़ित मासूम अपनी रोजी-रोटी के लिए सूअर चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान ध्रुवविलास (वार्ड 02) निवासी मो. महफूज ने सुनसान रास्ते पर उसे दबोच लिया। दरिंदगी की इंतिहा यह थी कि आरोपी ने बच्ची का मुंह गमछे से बांध दिया ताकि उसकी चीख बाहर न जा सके और उसे मकई के खेत में खींच ले गया।
युवकों की तत्परता से बचाई गई जान, आरोपी की हुई धुनाई
खेत में संघर्ष के दौरान जब मासूम की दबी हुई चीख बाहर निकली, तो पास के खेत में काम कर रहे कुछ युवकों ने उसे सुन लिया। युवकों ने जब मौके पर छापा मारा, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। भागते हुए आरोपी महफूज को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा और पुलिस के हवाले करने से पहले उसकी जमकर खबर ली। फिलहाल पीड़िता लहूलुहान हालत में पूर्णिया GMCH में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
सिर्फ 15 दिन में दूसरी बड़ी वारदात: पुलिस पर उठ रहे सवाल
पूर्णिया में दुष्कर्म की घटनाओं का ग्राफ डराने वाला है। इस घटना ने 10 जनवरी को नेवालाल चौक पर हुई उस खौफनाक वारदात की यादें ताजा कर दी हैं, जहाँ एक युवती का सरेराह अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म (Gang-Rape) को अंजाम दिया गया था।
- डगरूआ सामूहिक दुष्कर्म कांड: जहाँ अपराधियों ने कानून को ठेंगे पर रखकर गैंगरेप किया।
- जानकीनगर कांड: जहाँ एक नाबालिग महादलित बच्ची को निशाना बनाया गया।
लगातार हो रही इन वारदातों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या पूर्णिया में अपराधियों को पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है? एक तरफ सूरज बिहारी जैसे रसूखदार कारोबारी की हत्या और दूसरी तरफ मासूमों से दरिंदगी—पूर्णिया की कानून व्यवस्था ‘वेंटिलेटर’ पर नजर आ रही है।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान ने बताया कि आरोपी मो. महफूज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, दलित संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और वे ‘फास्ट ट्रैक कोर्ट’ के जरिए फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं।

