वैशाली । न्यूजस्टिच
40 से ज्यादा लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में अभियुक्त कुख्यात प्रिंस का वैशाली पुलिस और एसटीएफ ने एनकाउंटर कर दिया है। पुलिस और एसटीफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रिंस के एक साथी को गिरफ्तार भी किया है। जिसके पास से पुलिस ने हथियार बरामद किया है। कुख्यात प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना गांव का रहने वाला था। गौरतलब है कि देश मे सोना लूट के क्षेत्र में चर्चित सुबोध सिंह गिरोह का प्रिंस सबसे प्रमुख सदस्य था और वह गैंग का शार्प शूटर भी था।
दिग्घी स्थित हनुमान नगर में हुआ एनकाउंटर
प्रिंस का एनकाउंटर पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी स्थित हनुमान नगर में किया है। एनकाउंटर के बाबत एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुख्यात प्रिंस हनुमान नगर स्थित एक घर में छिपा हुआ है। सूचना पर एसटीएफ और वैशाैली पुलिस की टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में प्रिंस ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की,जिसमें गोली प्रिंस को लगी।
एसपी ने बताया कि आरोपित के साथ उसके एक और साथी को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है। एफएसएल की टीम भी मौके पर मौजूद है ।घटनास्थल को सुरक्षित रखा गया है।
वर्ष 2018 में हाजीपुर कोर्ट में पुलिसकर्मी की हत्या कर हुआ था फरार
प्रिंस वर्ष 2018 में हाजीपुर कोर्ट में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बेउर जेल भेज दिया। लेकिन प्रिंस उसी वर्ष 2 सितंबर को इलाज के बहाने पीएमसीएच आया। जहां से वह नाटकीय ढंग से पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी देने के दौरान फरार हो गया था। तब से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।
169 किलो सोना लूट का आरोपी था प्रिंस
गौरतलब है कि सुबोध सिंह और प्रिंस गिरोह ने 2017 में आसनसोल से 56 किलो सोना, 2019 में हाजीपुर से 55 किलो सोना, 2022 में राजस्थान के उदयपुर से 24 किलो सोना, 2022 में ही मध्य प्रदेश के कटनी से 16 किलो सोना और 2023 में देहरादून से 18 किलो सोने की लूट की थी। दोनों ने कुल मिलकार 169 किलोग्राम सोना लूटा था। जिस वजह से दोनों को बिहार का सबसे बड़ा सोना लूटेरा कहा जाने लगा।

