Udit Narayan's first wife files a case against him

साजिश के तहत मां बनने का हक छीना? सिंगर उदित नारायण पर लगे आरोप, पहली पत्नी ने दर्ज कराया मामला

बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण झा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर विवादों के घेरे में हैं। इस बार मामला केवल दूसरी शादी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें ‘मेडिकल फ्रॉड’ और ‘आपराधिक साजिश’ जैसे गंभीर आरोप जुड़ गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने सुपौल के महिला थाना में एक आवेदन देकर पूरे देश में सनसनी फैला दी है।

रंजना झा द्वारा दिए गए आवेदन में सबसे चौंकाने वाला दावा गर्भाशय (Uterus) निकलवाने को लेकर है। रंजना का आरोप है कि 1996 में इलाज के बहाने उन्हें दिल्ली ले जाया गया और बिना उनकी जानकारी या सहमति के डॉक्टरों के साथ मिलकर उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया। रंजना के अनुसार, इस सच्चाई का पता उन्हें 2025 में एक अन्य इलाज के दौरान चला।

आवेदन में रंजना ने उदित नारायण के भाई संजय और ललित नारायण के अलावा दीपा नारायण (उदित नारायण की दूसरी पत्नी) को भी नामजद किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनका ऑपरेशन हुआ, तब वहां दीपा नारायण भी मौजूद थीं। रंजना का कहना है कि उन्हें वर्षों तक अंधेरे में रखा गया और सामाजिक-मानसिक प्रताड़ना दी गई।

पीड़िता ने बताया कि 1984 में शादी के बाद उदित नारायण मुंबई चले गए। बाद में मीडिया से उनकी दूसरी शादी की खबर मिली। 2006 में जब रंजना मुंबई पहुंचीं, तो कथित तौर पर उन्हें घर में घुसने से रोक दिया गया और प्रताड़ित कर वापस बिहार भेज दिया गया।

महिला थानाध्यक्ष अंजू तिवारी ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल मामले की सत्यता की जांच कर रही है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण पर उदित नारायण की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *