दोस्ती, प्यार और अब शादी! शादी के बाद विजय का दिल छू लेने वाला कुबूलनामा, रश्मिका ने दिया भावुक जवाब

डेस्क। न्यूजस्टिच
मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया…और पेश हैं मेरे पति, मिस्टर विजय देवरकोंडा! इन दो बयानों ने आज इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। टॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक, जिस खबर का फैंस को बरसों से इंतजार था, वह आखिरकार एक बेहद इमोशनल नोट के साथ दुनिया के सामने आ गई है। नेशनल क्रश रश्मिका मंदाना ने विजय देवरकोंडा के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत का ऐलान कर दिया है।

विजय का दिल छू लेने वाला कुबूलनामा

विजय देवरकोंडा ने अपने प्यार का इजहार बड़े ही सादे लेकिन गहरे शब्दों में किया। उन्होंने बताया कि कैसे रश्मिका के बिना उनका हर दिन अधूरा था। विजय ने लिखा, “एक दिन मुझे उसकी कमी बहुत खली… ऐसी कमी जिसने मुझे महसूस कराया कि अगर वो पास होती तो मेरा खाना ज्यादा स्वादिष्ट लगता, मेरा वर्कआउट सजा नहीं बल्कि मजे जैसा होता। मुझे उसकी जरूरत थी, बस उस ‘घर’ वाली फीलिंग के लिए।” विजय की इन पंक्तियों ने यह साफ कर दिया कि रश्मिका उनके लिए केवल एक पार्टनर नहीं, बल्कि उनका ‘सुकून’ हैं।

रश्मिका का भावुक जवाब: “विज्जू, तुम मेरी ताकत हो”

विजय के पोस्ट के बाद रश्मिका ने अपनी भावनाओं का बांध तोड़ दिया। उन्होंने विजय को अपना ‘पति’ संबोधित करते हुए लिखा, “विज्जू, तुमने मुझे सिखाया कि सच्चा प्यार और शांति क्या होती है। तुमने मुझे बड़े सपने देखना सिखाया और हर दिन भरोसा दिलाया कि मैं अपनी सोच से भी ज्यादा हासिल कर सकती हूँ।” रश्मिका ने आगे लिखा कि विजय ने कभी उन्हें अपनी शर्तों पर जीने से नहीं रोका, चाहे वो पागलों की तरह नाचना हो या दोस्तों के साथ घूमना।

अतीत के जख्मों पर मरहम बना यह साथ

रश्मिका और विजय का यह मिलन इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों ने अपनी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। साल 2017 में रश्मिका ने कन्नड़ एक्टर रक्षित शेट्टी से सगाई की थी, लेकिन 2018 में यह रिश्ता टूट गया। उस कठिन दौर के बाद रश्मिका ने खुद को पूरी तरह काम में झोंक दिया और तभी ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर उनकी मुलाकात विजय से हुई। विजय देवरकोंडा की इससे पहले कभी शादी या सगाई नहीं हुई थी। हालांकि उनका नाम कई बार लिंक-अप्स में आया, लेकिन रश्मिका के लिए उनका समर्पण हमेशा से जगजाहिर था। फैंस अक्सर उन्हें चुपके-चुपके एक ही लोकेशन से फोटो शेयर करते हुए पकड़ लेते थे।

PC-https://x.com/TheDeverakonda

“अब जश्न का समय है!”

रश्मिका ने अपने पोस्ट के अंत में अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “मैं तुम्हारी पत्नी कहलाने के लिए बहुत-बहुत ज्यादा उत्साहित हूँ। अब फुल पार्टी टाइम है!” उनके इस पोस्ट पर सामंथा रुथ प्रभु, अल्लू अर्जुन और कई बड़े सितारों ने बधाइयाँ दी हैं। यह शादी केवल दो इंसानों का मिलन नहीं, बल्कि उस भरोसे की जीत है जो दोस्ती से शुरू होकर ‘हमसफर’ तक पहुँचा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *