नीट छात्रा मौत मामला! दोषी बचेंगे नहीं, चाहे अस्पताल हो या हॉस्टल संचालक, मांझी-विजय सिन्हा का बड़ा बयान

बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सूबे की सियासत गरमा गई है। इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस मामले पर दुख जताते हुए कहा कि बिहार सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इसके लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। मांझी ने स्पष्ट किया किया जो लोग भी इस मौत के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। अगर अस्पताल ने इलाज में लापरवाही की है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। बयान के दौरान मांझी ने यह भी कह दिया कि मामले को सीबीआई (CBI) ने टेकअप कर लिया है, जबकि अभी तक आधिकारिक रूप से सीबीआई ने इस केस को हाथ में नहीं लिया है। मांझी ने आगे कहा कि अगर भविष्य में जांच में कोई गड़बड़ी पाई गई, तो वह इस संबंध में देश के गृह मंत्री से सीधी बात करेंगे।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस मामले में सीधे तौर पर पटना पुलिस की कार्यप्रणाली और हॉस्टल संचालक की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। सिन्हा ने कहा कि मैंने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट तौर पर कहा है कि जल्दबाजी में कोई गलत रिपोर्ट पेश न की जाए। इस मामले की तह तक जाना जरूरी है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अब जांच के घेरे में हॉस्टल संचालक की भूमिका भी सामने आ रही है और पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करेगी। उपमुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है और कोई भी आरोपी कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा।

मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा एससी-एसटी महिलाओं पर दिए गए विवादित बयान पर जीतन राम मांझी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है और उन्हें इलाज के लिए पागलखाने भेज देना चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *