साहिल सौरभ की तस्वीर।

PURnia News: बाहुबली बुच्चन यादव के बेटे साहिल सौरभ को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

बीकोठी प्रखण्ड के बहुचर्चित गांव मौजम पट्टी के पूर्व मुखिया और नॉर्थ बिहार लिबरेशन आर्मी के उपाध्यक्ष रहे बाहुबली और गैंगस्टर स्व बुच्चन यादव के पुत्र साहिल सौरभ को एसटीएफ और मरंगा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बंगाल-बिहार की सीमा पर टुन्नीदिघी के पास सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी मरंगा थाना कांड संख्या 278/25 में की गई है। मामला साहिल सौरभ बनाम मरंगा निवासी चर्चित बाहुबली छोटू यादव से जुड़ा है जब 16 अगस्त 2025 को दोनों गुट के बीच हुए विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई थी। साहिल की गिरफ्तारी तब हुई जब वे तारापीठ से पूजा कर वापस पूर्णिया लौट रहे थे।

साहिल सौरभ प्रदेश से बाहर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर गांव लौटा था। 12 फरवरी 2019 की रात मौजम पट्टी में सरस्वती पूजा के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित था, जिसके उद्घाटनकर्ता बुच्चन यादव थे।इसी दौरान श्री यादव पर जानलेवा हमला हुआ और वे बाल-बाल बचे ।लेकिन इस हमले में उसने अपना एक पैर गवा दिया। इस घटना के प्रतिशोध में मौजम पट्टी हाट पर 23 मार्च 2019 को दिनदहाड़े श्री यादव के विरोधी गुट के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। इस ट्रिपल मर्डर केस में बुच्चन के अलावा साहिल को भी अभियुक्त बनाया गया।सिर्फ अभियुक्त ही नही बनाया गया बल्कि उसके खिलाफ राज्य सरकार ने 50 हजार का इनाम भी घोषित किया। फरार चल रहे साहिल को 19 मार्च 2020 को पटना में एसटीएफ ने गिरफ्तार किया तो 03 अप्रैल 2019 को बुच्चन यादव को बंगाल के कूच बिहार से गिरफ्तार किया गया। बाद में 22 मई 2020 को भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में इलाज के दौरान बुच्चन यादव की मौत हो गई।

पिता के निधन के बाद साहिल ने राजनीति और जमीन के कारोबार की ओर रुख किया। उसके पिता लंबे समय तक मुखिया रहे जबकि माता नीलम देवी बीकोठी प्रखण्ड की प्रमुख भी रह चुकी है और बहरहाल मुखिया हैं ।वे लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी है।जबकि, साहिल की पत्नी बी कोठी प्रखण्ड की उपप्रमुख हैं।साहिल राष्ट्रीय जनता दल से जुड़ा बताया जाता है और बीते विधानसभा चुनाव में मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र से टिकट हासिल करने की कवायद में जुटा हुआ था लेकिन असफल रहा।बताया जाता है कि हाल के दिनों में साहिल रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा हुआ था और बहरहाल पूर्णिया में रह रहा था। चर्चा है कि जिस मामले में साहिल की गिरफ्तारी हुई है उसके तार भूमि-विवाद से भी जुड़े हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *