कीड़ा जड़ी की खेती करने वाली सुमन सुखीजा।

दिल्ली की गृहिणी का कमाल: 10×10 के कमरे को बनाया ‘नोट छापने की मशीन’, कीड़ा जड़ी की खेती से ₹40 लाख का टर्नओवर

कहते हैं कि अगर कुछ करने का जज्बा हो, तो जगह की कमी कभी बाधा नहीं बनती। दिल्ली की एक साधारण गृहिणी सुमन सुखीजा ने इसे सच कर दिखाया है। उन्होंने अपने घर के मात्र 10×10 फीट के एक छोटे से कमरे में दुनिया के सबसे महंगे मशरूम ‘कीड़ा जड़ी’ की खेती शुरू की। आज वे सालाना 40 लाख रुपये का बिजनेस कर रही हैं। उनकी ब्रांड का नाम ऑरेंज हर्ब है। पर उनकी कहानी आसान नहीं थी। जानिए उनका बिजनेस मॉडल।

कीड़ा जड़ी एक दुर्लभ औषधीय मशरूम है, जिसका उपयोग आयुर्वेदिक दवाओं, इम्यूनिटी बूस्टर और हेल्थ सप्लीमेंट्स में किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों में है। वहीं सुमन इसे ₹93,000 प्रति किलो तक की मार्केट वैल्यू पर बेच रही हैं। इसे उगाने के लिए नियंत्रित तापमान, नमी और विशेष लाइटिंग की आवश्यकता होती है, जो काफी चुनौतीपूर्ण काम है।

सुमन की यह यात्रा आसान नहीं थी। उन्होंने इसकी शुरुआत 2018 में ट्रेनिंग लेने के बाद की। अपना ब्रांड ‘ऑरेंज हर्ब’ लॉन्च किया। शुरुआत में उनके कई बैच फेल हुए, लेकिन सुमन ने हार नहीं मानी। उन्होंने तकनीक पर रिसर्च की और अपनी गलतियों को सुधारा। आज वे न सिर्फ कीड़ा जड़ी बल्कि केसर की खेती भी सफलतापूर्वक कर रही हैं।

सुमन केवल खुद पैसा नहीं कमा रही हैं, बल्कि वे एक सामाजिक बदलाव की भी सूत्रधार बनी हैं। उन्होंने अब तक 1000 से अधिक लोगों को ट्रेनिंग दी है, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। वे सिखाती हैं कि कैसे जीरो लैंड और कम निवेश के साथ घर के एक कोने से हाई-प्रॉफिट बिजनेस खड़ा किया जा सकता है।

दिल्ली जैसे महानगर में जहां जगह की भारी किल्लत है, वहां सुमन सुखीजा का यह स्मार्ट फार्मिंग मॉडल एक रोल मॉडल बन गया है। उनका मानना है कि लगातार सीखने की इच्छा और बाजार की मांग पर फोकस ही उनकी सफलता का राज है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *