महिला कॉलेज के पास विवाद जमीन पर निर्माण करते मजदूर और मौजूद पुलिस।

CO ने महिला को मारा थप्पड़? अतिक्रमण हाटने के दौरान लगा आरोप, मचा बवाल

बिहार के पूर्णिया स्थित महिला कॉलेज परिसर में अतिक्रमण हटाने और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर बुधवार को जबरदस्त हिंसक झड़प हुई। इस दौरान पूर्णिया पूर्व के अंचलाधिकारी (CO) ई. संजीव कुमार के साथ भीड़ द्वारा हाथापाई और मारपीट की गई। वहीं, विवाद में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब एक युवती ने सीओ पर ही मारपीट शुरू करने का गंभीर आरोप लगाया।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला कॉलेज प्रशासन हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री वॉल) करवा रहा था। स्थानीय निवासी पी.सी. राय और उनके समर्थकों ने जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए काम रुकवा दिया। विवाद बढ़ने पर सीओ ई. संजीव कुमार बिना किसी सुरक्षा बल के अकेले ही मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि अधिकारी को अकेला पाकर भीड़ उग्र हो गई और उनके साथ बदसलूकी व मारपीट की गई।

घटना के बीच एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें दूसरे पक्ष की युवती ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है:

“मैं सच्चाई दिखाने के लिए मोबाइल से वीडियो बना रही थी। मुझे वीडियो बनाते देख सीओ साहब भड़क गए और मेरा मोबाइल छीनने की कोशिश की। इसी दौरान उन्होंने मुझे एक थप्पड़ जड़ दिया। उनके हाथ उठाने के बाद ही वहां मौजूद लोग आक्रोशित हुए और धक्का-मुक्की हुई।”

घटना की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त, सदर एसडीओ और सदर एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और भीड़ को खदेड़ा। प्रशासन ने इसे सरकारी कार्य में बाधा और लोक सेवक पर हमले का मामला बताया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *