राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने से ठीक पहले पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक विस्फोटक पोस्ट कर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। रोहिणी ने अपने ट्वीट के जरिए बिना नाम लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मौजूदा व्यवस्था पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है।
‘पार्टी की कमान घुसपैठियों के हाथ में’ रोहिणी आचार्य ने बेहद तल्ख लहजे में लिखा कि पार्टी की मौजूदा कमान अब असली लोगों के हाथ में नहीं, बल्कि “फासीवादी विरोधियों” द्वारा भेजे गए घुसपैठियों और साजिशकर्ताओं के हाथों में है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग ‘लालूवाद’ को तहस-नहस करने के विशेष ‘टास्क’ के साथ पार्टी में आए हैं और अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल होते भी दिख रहे हैं। रोहिणी के मुताबिक, आज पार्टी की जो बदहाली है, वह चिंताजनक और दुखद है।

नेतृत्व पर सीधा निशाना बिना किसी का नाम लिए रोहिणी ने पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने लिखा कि नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे लोग सवालों से भाग रहे हैं और तार्किक जवाब देने के बजाय भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी हित की बात करने वालों के साथ अभद्र आचरण और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। रोहिणी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर नेतृत्व इस पर “चुप्पी” साधता है, तो यह माना जाएगा कि वे भी इस साजिश करने वाले गिरोह के साथ मिले हुए हैं।
सच्चे ‘लालूवादियों’ से सवाल पूछने की अपील रोहिणी आचार्य ने आरजेडी के वफादार कार्यकर्ताओं और “सच्चे लालूवादियों” का आह्वान किया। उन्होंने लिखा कि जिन्हें भी लालू जी के संघर्ष और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर गर्व है, उन्हें अंजाम की परवाह किए बिना अपनी आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि जो सच्चा सिपाही होगा, वह पार्टी की इस दुर्दशा के लिए जिम्मेदार लोगों से सवाल जरूर करेगा। इस ट्वीट ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही पार्टी के भीतर चल रहे अंतर्विरोध को सतह पर ला दिया है। अब देखना होगा कि बैठक में इस पर क्या प्रतिक्रिया होती है।

