Gopalganj Accident: बिजली खंभे से टकराई कार, बचाने दौड़े युवक की करंट से मौत, हादसे में दो ग्रामीण की गई जान

गोपालगंज। न्यूजस्टिच
जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कोन्हवा मोड़ के पास गुरुवार की देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित कार ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में न केवल कार सवार युवक की जान चली गई, बल्कि उसकी मदद करने पहुंचे एक अन्य ग्रामीण की भी बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दोहरी मौत के बाद कोन्हवा गांव में चीख-पुकार मची हुई है।

मददगार बना हादसे का शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोन्हवा गांव निवासी फिरोज आलम अपनी कार से जा रहे थे, तभी कोन्हवा मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें करंट उतर आया। हादसे को देख पास ही मौजूद जितेंद्र कुमार (निवासी कोन्हवा) अपनी जान की परवाह किए बिना फिरोज को बचाने के लिए कार की ओर दौड़े। जैसे ही जितेंद्र ने कार या खंभे के पास पहुँचने की कोशिश की, वह बिजली के हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही फिरोज आलम और जितेंद्र कुमार दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बिजली कटवाई और दोनों शवों को कब्जे में लिया। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, खासकर जितेंद्र के परिवार में मातम है जिसकी जान दूसरों की मदद करने के चक्कर में चली गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *