छपरा के चर्चित सरिता हत्याकांड में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुजफ्फरपुर के पानापुर करियात थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (SI) संतोष कुमार रजक को एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई दारोगा की हत्या के मामले में संलिप्तता और गिरफ्तारी के बाद की गई है।
दारोगा की स्कार्पियो का हुआ था इस्तेमाल
जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि सरिता की हत्या के बाद उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए मुख्य आरोपी सत्येंद्र ने दारोगा संतोष रजक की ही स्कार्पियो का इस्तेमाल किया था। कानून के रखवाले ने ही अपराधी को संरक्षण देते हुए साक्ष्य मिटाने में मदद की, जिसके पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है।
25 जनवरी को हुई थी गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने बीते 25 जनवरी को दारोगा संतोष रजक को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही उनके निलंबन की तलवार लटक रही थी। मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने विभागीय गरिमा और अनुशासनहीनता को देखते हुए अब निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।
मामले की पृष्ठभूमि
छपरा में हुई सरिता की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया था। पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, खाकी के दाग गहरे होते गए। दारोगा की गिरफ्तारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अपराधियों के हौसले बुलंद करने में कहीं न कहीं सिस्टम के भीतर बैठे लोग भी शामिल थे। वर्तमान में पुलिस इस हत्याकांड के अन्य पहलुओं और नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

