मुजफ्फरपुर में पान दुकानदार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया है कि हत्या की मुख्य साजिशकर्ता मृतक की पत्नी ही थी, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
10 साल पहले हुई थी शादी, सोशल मीडिया से शुरू हुआ अफेयर
नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड निवासी मनोज कुमार मक्खन साह चौक पर पान की दुकान चलाते थे। करीब दस साल पहले उनकी शादी निशु कुमारी से हुई थी और दोनों की दो बेटियां हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि निशु का शहर की एक आभूषण दुकान में काम करने वाले पिंटू नामक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई, जो धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गई।
मोबाइल चैट से खुला राज, विवाद के बाद रची हत्या की साजिश
मंगलवार को मनोज ने पत्नी के मोबाइल में चैट और तस्वीरें देखकर इस संबंध का पता लगा लिया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। झगड़े के बाद निशु घर से निकल गई और अपने प्रेमी को पूरी बात बताई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मनोज को फोन कर बुलाया और सुनसान जगह पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद निशु ने खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए सार्वजनिक रूप से रोने-चिल्लाने का नाटक किया।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मामला सुलझा लिया। नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि हत्या के आरोप में निशु कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं फरार आरोपी पिंटू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पारिवारिक अविश्वास और अवैध संबंधों की इस त्रासदी ने दो मासूम बच्चियों से उनके पिता का साया छीन लिया, जिससे स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
