नया जमाना है तो इश्क में कुछ भी करेगा की स्थिति है , मतलब प्रेमी-प्रेमिका के लिए कोई भी रिस्क लेने के लिए तैयार है। मोबाइल के जरिये पूरी दुनिया मुट्ठी में है। लिहाजा अब प्रेमिका को यह गाने का मौका नहीं मिलता है कि ‘साजन मेरा उस पार है, मिलने को दिल बेकरार है’। वह जमाना गया जब माशूका के दीदार के लिए भी आहें भरना पड़ता था। अब तो दीदार आम है ही, माशूक अपने माशूका का खाने-पीने का भी खासा ख्याल रखता है। अब जमाना नया है तो पिज्जा, बर्गर, मोमोज और चाउमीन ही युवाओं की पसंद है। लेकिन, माशूका के प्रति यही खास ख्याल प्रेमी के लिए परेशानी का सबब बन गया। घटना समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर प्रखंड की बुधवार की है। एक प्रेमी की प्रेमिका को चाऊमीन बहुत पसंद था। दोनों में मोबाइल पर बात हुई और युवक चाऊमीन पैक कराकर प्रेमिका के घर पहुंच गया। प्रेमिका के परिजन किसी समारोह में गए हुए थे और युवती अकेले घर में थी।
चाऊमीन के साथ प्रेमी-प्रेमिका के बीच बातचीत का दौर भी आरम्भ हो चुका था। लेकिन, यह खबर आसपास के लोगों को मिल गई और फिर पूरे गांव में यह खबर फैल गई।गांव के लोग युवती के घर के बाहर जमा हो गए और सर्वसम्मति से दोनों के विवाह का फैसला लिया गया। हालांकि, पहले युवक इस फैसले से सहमत नहीं था, लेकिन बाद में सामाजिक दबाव और दोनों की रजामंदी के बाद विवाह पर सहमति बन गई। इसके बाद पास के एक मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
देखें खबर से जुड़ी हुई वीडियो
माशूका से मिलना साबित हो रहा रिस्की
हालांकि ,इश्क तो हमेशा से आग का दरिया कहलाता रहा है लेकिन बदले जमाने के साथ इतनी तब्दीली जरूर हुई है कि इसका अधिकांश तौर पर समापन सुखद हो रहा है। पहले के जमाने मे इश्क फरमाते पकड़े जाने पर मृत्युदंड की प्रबल संभावना रहती थी लेकिन अब आजीवन कैद मतलब शादी के बंधन में बंधने की संभावना अधिक रहती है।04 फरवरी को सीतामढ़ी जिला के सहारगामा में स्थानीय मनीष पटेल गांव की ही प्रेमिका गंगा से छुपकर मिलने गया और पकड़ा गया। इस प्रेम कहानी का सुखद अंत विवाह में हुआ।इसी तरह इंस्टाग्राम पर प्यार के बाद बेगूसराय का होम गार्ड जवान 01 फरवरी को रात के अंधेरे में माशूका से मिलने पहुंच गया। इश्क फरमाते ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया और फिर नाटक का पटाक्षेप शादी के रूप में हुआ।हालांकि, जानकर पुराने दिनों को याद कर इस तरह के बिवाह को ‘पकड़ुआ विवाह’ का ही आधुनिक संस्करण मानते हैं। 29 जनवरी को खगड़िया जिला के परबत्ता के एक युवक साथ तो गजब हो गया जब गाय खरीदने की बात कहकर उसे ले जाया गया और दुल्हन के साथ उसकी वापसी हुई। कुल मिलाकर वही बात है, बुलाती है मगर जाने का नही।

