महिला एवं बाल विकास निगम, खगड़िया के तत्वावधान में बुधवार को राष्ट्रीय महिला दिवस के गरिमामयी अवसर पर स्थानीय कौशल विकास केंद्र में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके समग्र विकास के मार्ग प्रशस्त करना रहा।
शिक्षा से सशक्त होगी आने वाली पीढ़ी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीएम विजय कुमार सिन्हा ने इस बात पर जोर दिया कि जब एक लड़की शिक्षित होती है, तो वह न केवल अपने परिवार बल्कि आने वाली पूरी पीढ़ी को सशक्त बनाती है। अभियान का मूल उद्देश्य लड़कियों के अधिकारों को उजागर करना, शिक्षा को बढ़ावा देना और समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव व महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को जड़ से मिटाना है। इस दौरान “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” के संकल्प को दोहराते हुए यह संदेश दिया गया कि ‘बेटी नहीं है किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम, बेटी है अनमोल उपहार, शिक्षा है उसका अधिकार।

स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष चर्चा
सखी वार्ता के दौरान माहवारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। बालिकाओं को स्वास्थ्य, बेहतर पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में शिक्षित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बालिकाओं के बीच माहवारी स्वच्छता किट का वितरण किया गया, ताकि वे स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर एक स्वस्थ जीवन जी सकें। इसके साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, जेंडर स्पेशलिस्ट, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ समेत कौशल केंद्र के प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 105 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सशक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया।

