Patna News: पटना सिटी में सगे भांजे ने मामा को उतारा मौत के घाट, CCTV में कैद हुई हैवानियत, राजद ने सरकार को घेरा

राजधानी के चौक थानाक्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बंगाली कॉलोनी मोड़ के पास एक भांजे ने अपने ही 65 वर्षीय बुजुर्ग मामा की धारदार हथियार से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।

यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे हत्यारा पीछे से आता है और बुजुर्ग पर अचानक हमला बोल देता है। मृतक की पहचान बक्शी मैदान निवासी मोहम्मद रईस के रूप में हुई है, जो पेशे से रफ्फू (कपड़ों की मरम्मत) का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, वह खाना खाकर काम पर निकले ही थे कि घात लगाए भांजे मोहम्मद अयाज ने उन पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी भांजे मोहम्मद अयाज को दबोच लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना तेज हथियार भी बरामद कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। मृतक की बेटी शबनम खातून ने अपने फुफेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी सजा और न्याय की गुहार लगाई है।

पटना सिटी डीएसपी 2 डॉ.गौरव कुमार ने बतलाया कि पारिवारिक रंजिश के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार भी बरामद हो गया है। मामले की गहराई से पूछताछ जारी है।

पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र में हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। एक तरफ जहां पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बुजुर्ग मामा मोहम्मद रईस के हत्यारे भांजे मोहम्मद अयाज को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल राजद (RJD) ने इस घटना को लेकर नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोला है। राजद ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर घटना का वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री और भाजपा पर तंज कसा। राजद ने लिखा— “यही है नीतीश के निर्लज्ज चाटुकारों का ‘सपनों का बिहार’! हर रोज हर गाँव गली हत्या, हर शहर मोहल्ले में बलात्कार!” पार्टी ने बिहार पुलिस को ‘नाकारा’ और सरकार को ‘बेफिक्र व भ्रष्ट’ बताते हुए कहा कि राजधानी में हत्यारे को अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *