क्लासरूम से हॉकी के मैदान तक: पूर्णिया के इन 3 गुरुओं ने टीम बिहार में बनाई जगह, अब दिल्ली में दिखाएंगे दम!

बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा गठित बिहार राज्य की हॉकी टीम में पूर्णिया जिले के तीन खेल प्रतिभाओं का चयन हुआ है। यह चयन नई दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘ऑल इंडिया सिविल सर्विस प्रतियोगिता’ के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में एनआईएस हॉकी प्रशिक्षक अमर कुमार भारती, अंजू कुमारी और श्वेतनिशा शामिल हैं।

चयनित खिलाड़ी न केवल खेल के मैदान पर सक्रिय हैं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी अपना योगदान दे रहे हैं। अमर कुमार भारती बनमनखी प्रखंड के मध्य विद्यालय रघुनाथपुर में विशिष्ट शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। अंजू कुमारी जवाहरलाल स्मारक उच्च विद्यालय, गुलाब बाग में शारीरिक शिक्षिका के रूप में अपनी सेवा दे रही हैं। श्वेतनिशा सहरसा जिले के उच्च माध्यमिक विद्यालय, तेलवा पश्चिमी (महिषी) में शारीरिक शिक्षिका के रूप में पदस्थापित हैं।

यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 17 फरवरी से 28 फरवरी तक देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। इस स्पर्धा की मुख्य विशेषता यह है कि इसमें विभिन्न राज्यों की असैनिक सेवा (Civil Services) में कार्यरत नियमित कर्मचारी अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। साथ ही, केंद्र सरकार के नियमित कर्मचारी भी अपने क्षेत्रीय स्पोर्ट्स बोर्ड की ओर से इसमें शिरकत करते हैं।

पूर्णिया के इन तीन सितारों के चयन पर हॉकी पूर्णिया परिवार ने खुशी जाहिर की है। संस्था की अध्यक्ष सच्ची भारत, उपाध्यक्ष जाबा भट्टाचार्जी, कोषाध्यक्ष नजीर अहमद, पूर्व एकलव्य प्रशिक्षक रानू और सुनील जॉन मरांडी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर बिहार का मान बढ़ाएंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *