50 हजार में लिखित परीक्षा की सेटिंग! पटना सिपाही भर्ती में बड़ा खेल, गर्दनीबाग में 4 सहित 36 मुन्ना भाई अबतक धराए

पटना के गर्दनीबाग में चल रही सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में धांधली का एक बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार और “मुन्ना भाई” को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी तरीके से परीक्षा में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे। इस गिरोह के तार लिखित परीक्षा से लेकर शारीरिक जांच तक जुड़े होने की बात सामने आ रही है।

केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) द्वारा आयोजित सिपाही बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता को धता बताते हुए दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने और सेटिंग करने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा है। गर्दनीबाग थाना पुलिस ने इन गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। पकड़े गए आरोपियों में आलोक कुमार (अरवल), राजेश कुमार (सारण), रणवीर कुमार (लखीसराय) और संजीत (औरंगाबाद) शामिल हैं।

पुलिसिया पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लिखित परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जा रही थी। आरोपी आलोक कुमार (अरवल) पर आरोप है कि उसने अभ्यर्थियों से 50-50 हजार रुपये लेकर लिखित परीक्षा में ‘सेटिंग’ कराई थी। यह राशि एडवांस के तौर पर ली गई थी या पूरी डील का हिस्सा थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के कारनामे सुनकर अधिकारी भी हैरान हैं। सारण के राजेश कुमार इसने एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग जगहों से फर्जीवाड़े के जरिए परीक्षा पास करने की कोशिश की थी। औरंगाबाद संजीत इसने रिश्ते की मर्यादा को ताक पर रखते हुए अपने सगे भाई की जगह शारीरिक परीक्षा देने की हिमाकत की। लखीसराय रणवीर कुमार यह फर्जी अभ्यर्थी के रूप में दूसरे की जगह फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा था।

सिपाही भर्ती प्रक्रिया में बायोमेट्रिक मिलान और फोटो सत्यापन के दौरान पकड़े जाने वाले फर्जी अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अब तक इस पूरे मामले में तीन दर्जन (36) से अधिक जालसाजों को जेल भेजा जा चुका है। गर्दनीबाग पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद दस्तावेजों और उनके बयानों के आधार पर अब उन गिरोहों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है जो पर्दे के पीछे रहकर इस पूरे ‘सेटिंग’ रैकेट को चला रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लिखित परीक्षा के दौरान इन लोगों ने किस तकनीक या माध्यम से सेंधमारी की थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *