पटना।न्यूजस्टिच
बिहार के खेल जगत के लिए आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया। अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बिहार सरकार ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव को 50 लाख रुपये का चेक सौंपकर उनकी हौसलाअफजाई की। इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे, जिन्होंने वैभव को बिहार का गौरव और भारतीय क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य बताया।
डबल धमाल: कैश के साथ मिली लग्जरी कार
वैभव के लिए खुशियां यहीं नहीं रुकीं। उनकी शानदार उपलब्धि को देखते हुए टाटा (TATA) की ओर से उन्हें एक ब्रैंड न्यू लग्जरी कार भी उपहार स्वरूप दी गई। सम्मान पाकर उत्साहित वैभव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा मुख्यमंत्री जी, आपके कर-कमलों से यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए गौरव की बात है। मैं सदैव बिहार और भारत को गौरवान्वित करने का प्रयास करता रहूंगा।

वर्ल्ड कप में वैभव का ‘सूर्य’ोदय: खेली ऐतिहासिक पारी
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में संपन्न हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी पारी ने क्रिकेट जगत को हिला दिया था। वैभव ने महज 58 गेंदों में शानदार शतक जड़ा, जो अंडर-19 इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक है। अपनी पारी के दौरान उन्होंने न केवल चौके-छक्कों की बारिश की, बल्कि टीम को जीत के मुहाने पर खड़ा कर दिया। सबसे कम उम्र में पेशेवर क्रिकेट खेलने और इंटरनेशनल लेवल पर ऐसा प्रदर्शन करने वाले वे देश के विरले खिलाड़ी बन गए हैं। सम्राट चौधरी ने सराहा और लिखा बिहार का लाल, भारत की शान। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सम्मान समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि वैभव ने नित्य नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है और वैभव की यह सफलता राज्य के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
बिहार क्रिकेट में नई उम्मीद
समस्तीपुर के छोटे से गांव से निकलकर वर्ल्ड कप के मंच तक पहुँचने वाले वैभव सूर्यवंशी ने यह साबित कर दिया है कि अगर प्रतिभा हो, तो संसाधन बाधा नहीं बनते। उनके इस सम्मान से बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) और स्थानीय खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है।

