हथियार तस्कर गिरोह का हाफ एनकाउंटर! पटना में पुलिस-अपराधी मुठभेड़, 1200 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद

पटना। न्यूजस्टिच
राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दनियावां-बिहटा सरमेरा पथ पर श्रीपदपुर गांव के समीप हुई इस गोलीबारी में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक अपराधी के पैर में गोली मार दी। जिसे हाफ एनकाउंटर बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार होने में सफल रहा।

1200 कारतूस और हथियारों का जखीरा बरामद
हथियार तस्करों के खिलाफ पटना पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराधियों की स्कॉर्पियो और कार से एक देसी कट्टा और 1200 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इतनी भारी मात्रा में कारतूस मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि फतुहा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के सदस्य श्रीपदपुर के पास हथियारों की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सारण निवासी सुंदरम कुमार के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए PMCH भेजा गया है।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
पुलिस ने मौके से दो अन्य अपराधियों को भी दबोचा है। उसमें सारण बड़ा तेलपा का सुंदरम कुमार घायल हुआ है। यहीं का बड़ा तेलपा सारण सुजीत कुमार और बाढ़ का शत्रुघ्न यादव शामिल है। फरार अपराधी में पिंटू कुमार (सोनारू, फतुहा) की तलाश में छापेमारी जारी है।

नेटवर्क को खंगाल रही है पुलिस
घटना के बाद एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच की। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *