पूर्णिया। न्यूजस्टिच
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जून 2026 परीक्षा सत्र की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और नए नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इग्नू शिक्षार्थी सहायता केन्द्र (0508) पूर्णियां कॉलेज के सहायक समन्वयक डॉ.सुरज सिंह ने सत्रीय कार्य (Assignment) जमा करने और नए सत्र में प्रवेश को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
31 मार्च तक जमा करें सत्रीय कार्य
डॉ.सुरज सिंह ने सूचित किया है कि जून 2026 की सत्रांत परीक्षा में शामिल होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए सत्रीय कार्य जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इग्नू की शैक्षणिक व्यवस्था में असाइनमेंट का विशेष महत्व होता है। डॉ. सिंह के अनुसार अंतिम परिणाम (ग्रेड कार्ड) में असाइनमेंट के अंकों का एक बड़ा हिस्सा जोड़ा जाता है. इसलिए इसमें लापरवाही विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
असाइनमेंट जमा करते समय इन बातों का रखें ध्यान
विद्यार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे विश्वविद्यालय के मानकों के अनुरूप हस्तलिखित (Handwritten) उत्तर-पुस्तिका तैयार करें। जमा करते समय निम्नलिखित दस्तावेजों का संलग्न होना अनिवार्य है।
कवर पेज: जिसमें विद्यार्थी का नाम, नामांकन संख्या (Enrollment Number), प्रोग्राम कोड और कोर्स कोड स्पष्ट हो।
एडमिशन स्टेटस: छात्र के वर्तमान नामांकन की स्थिति।
प्रश्न पत्र: संबंधित सत्र का आधिकारिक प्रश्न पत्र।
हस्तलिखित उत्तर-पुस्तिका: स्वयं की लिखावट में तैयार असाइनमेंट।
सहायक समन्वयक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले सत्रीय कार्य किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए कार्यालय समय के दौरान पूर्णियाँ कॉलेज स्थित केंद्र पर समय से पहले अपना कार्य जमा कर दें।
नामांकन की तिथि 30 मार्च तक बढ़ी, APAAR आईडी अनिवार्य
एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए डॉ. सुरज सिंह ने बताया कि इग्नू ने जनवरी 2026 सत्र के लिए नामांकन की तिथि को विस्तारित कर 30 मार्च 2026 कर दिया है। यह छूट सर्टिफिकेट और सेमेस्टर-आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य सभी स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों पर लागू होगी। नामांकन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डॉ. सिंह ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस बार नामांकन प्रक्रिया के लिए APAAR (Automated Personal Academic Account Registry) आईडी तैयार रखना अनिवार्य है। इसके बिना नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी।
रोजगारोन्मुख शिक्षा पर जोर
डॉ. सुरज सिंह ने बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रम कौशल-आधारित और लचीले हैं, जो कामकाजी युवाओं और गृहणियों के लिए अपनी जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा जारी रखने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। पूर्णियाँ कॉलेज स्थित सहायता केंद्र (0508) पर नियमित परामर्श और सहयोग के कारण यहाँ विद्यार्थियों के नामांकन में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। किसी भी प्रकार की सहायता या मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सहायता केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य बिंदु:
असाइनमेंट की अंतिम तिथि: 31 मार्च 2026
नामांकन की अंतिम तिथि: 30 मार्च 2026
अनिवार्यता: हस्तलिखित असाइनमेंट और नामांकन हेतु APAAR आईडी।

