बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की आर्थिक और पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए एक मेगा विजन पेश किया है। शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सूचना एवं जन-संपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की और कई दूरगामी निर्देश दिए।
अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें और ‘एरोसिटी’ का सपना होगा सच
मुख्यमंत्री ने सिविल विमानन विभाग को निर्देश दिया कि बिहार की अंतर्राष्ट्रीय संपर्कता (Connectivity) को बढ़ाने के लिए पटना और गया से नई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की कार्रवाई तेज की जाए।
- एरोसिटी का विकास: हवाई अड्डों के आसपास कमर्शियल, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन हब विकसित करने के लिए ‘एरोसिटी’ परियोजना पर ठोस पहल की जा रही है।
- रीजनल कनेक्टिविटी: ‘उड़ान’ योजना के तहत छोटे हवाई अड्डों के रन-वे विस्तार और टर्मिनल निर्माण में तेजी लाने को कहा गया है।

11 सैटेलाइट टाउनशिप: शहरों का होगा आधुनिक विस्तार
नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान 11 सैटेलाइट/ग्रीनफील्ड टाउनशिप के रोडमैप पर चर्चा हुई।
- मास्टर प्लान: शहरों का विस्तार ‘ग्रिड सिस्टम’ के आधार पर होगा, जिसमें मास्टर प्लान के तहत निजी निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा।
- लॉन्ग टर्म प्लानिंग: सीएम ने शहरों के विस्तार, ड्रेनेज और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लंबी अवधि की योजना बनाने और अर्बन मैप को डिजिटलाइज करने का निर्देश दिया।
‘ब्रांड बिहार’ और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI)
सूचना एवं जन-संपर्क विभाग को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हुए विकास कार्यों की ब्रांडिंग राज्य के बाहर मजबूती से होनी चाहिए।
- AI का उपयोग: सीएम ने रियल टाइम मॉनीटरिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर विकास और पंचायती राज विभाग विशेष रूप से इस तकनीक को अपनाएं।
- सांस्कृतिक धरोहर: जिला स्तर पर सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान कर उन्हें पर्यटकों के लिए सुगम बनाने की व्यवस्था की जाए।
रेवेन्यू जेनरेशन पर फोकस
मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि सरकारी जमीनों को चिह्नित कर उनका उपयोग विज्ञापनों के लिए किया जाए, ताकि सरकार के लिए अतिरिक्त राजस्व (Revenue) पैदा हो सके।
बैठक में मौजूद रहे दिग्गज अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार, सूचना विभाग के सचिव श्री अनुपम कुमार और सिविल विमानन विभाग के सचिव श्री निलेश रामचंद्र देवरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों से स्पष्ट है कि बिहार सरकार अब अत्याधुनिक तकनीक (AI) और आधुनिक बुनियादी ढांचे (Aerocity) के मेल से राज्य का कायाकल्प करने की दिशा में बढ़ रही है।

