बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 25 जिलों के लिए आपातकालीन ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ताजा अपडेट के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों में राज्य के एक बड़े हिस्से में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, भारी वज्रपात (Lightning) और बारिश के साथ विनाशकारी हवाएं चलने की संभावना है।
इन 25 जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, अररिया, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, जमुई, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव दिखेगा।
प्रमुख चेतावनी और सुरक्षा निर्देश
- हवा की रफ्तार: इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
- वज्रपात का खतरा: मौसम विभाग ने मध्यम से भारी वज्रपात की चेतावनी दी है।
- सुरक्षा सलाह: लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। बिजली के खंभों, ऊंचे पेड़ों और कच्चे मकानों से दूर रहें। किसानों को खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
प्रखंडवार असर पूर्णिया जिले के सभी 14 प्रखंडों और कटिहार के 15 प्रखंडों सहित राज्य के कुल 308 प्रखंडों में इस चेतावनी का सीधा असर देखा जा रहा है। पटना और नालंदा के भी अधिकांश इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की स्थिति बनी हुई है।

