सीमांचल और कोशी क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने और पूर्णिया में ‘ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (एम्स) की स्थापना की मांग को अब एक जनांदोलन का रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को ‘ग्रीन पूर्णिया’ और प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष पौध वितरण सह ‘एम्स पूर्णिया जनजागरण अभियान’ का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम सुबह 07:00 बजे पूर्णिया स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप आयोजित हुआ। इस दौरान वन विभाग द्वारा ‘ग्रीन पूर्णिया’ को उपलब्ध कराए गए 150 पौधों का स्थानीय नागरिकों के बीच वितरण किया गया। आयोजकों ने पौधा सौंपने के साथ-साथ आम जनमानस को पूर्णिया में एम्स की नितांत आवश्यकता और इसके दूरगामी लाभों से अवगत कराया।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पटना-दिल्ली पर निर्भरता खत्म होना जरूरी है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि पूर्णिया समेत आसपास के सीमांचल और कोशी के जिलों (कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा) में एक भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सरकारी अस्पताल नहीं है। डॉक्टर एके गुप्ता ने कहा कि “इस पूरे इलाके में गंभीर बीमारियों के उपचार की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। आपातकालीन और गंभीर स्थिति में यहां के मरीजों को मजबूरन सिलीगुड़ी, पटना या दिल्ली का रुख करना पड़ता है, जिससे कई बार रास्ते में ही मरीजों की जान चली जाती है।
डॉ. गुप्ता ने आगे बताया कि पूर्णिया पहले से ही इस क्षेत्र का एक बहुत बड़ा मेडिकल हब है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने सरकार से जोरदार अपील करते हुए कहा कि यह सीमांचल और कोशी के 7 से अधिक जिलों का केंद्र बिंदु है। यहां रोजाना हजारों लोग बेहतर इलाज की उम्मीद में आते हैं। यदि सरकार बिहार में किसी भी योजना के तहत तीसरे एम्स के निर्माण पर विचार करती है, तो पूर्णिया इसके लिए हर दृष्टिकोण से सबसे उपयुक्त और हकदार स्थान है।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि ‘ग्रीन पूर्णिया’ का यह अभियान केवल पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूर्णिया को उसका वाजिब स्वास्थ्य हक दिलाने के लिए इस जनजागरण अभियान को गली-मोहल्ले और गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया तथा एम्स निर्माण की इस मुहिम को अपना पूर्ण समर्थन दिया।