पूर्णिया। न्यूजस्टिच
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जून 2026 की सत्रांत परीक्षा (TEE) में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्रीय कार्य (असाइनमेंट) जमा करने की अंतिम तिथि को विस्तारित करते हुए अब 31 मई 2026 कर दिया है। तिथि बढ़ने से उन हजारों शिक्षार्थियों को लाभ मिलेगा जो किन्हीं कारणों से अब तक अपना असाइनमेंट तैयार नहीं कर पाए थे।
विद्यार्थियों की सुविधा हेतु लिया गया निर्णय
इग्नू शिक्षार्थी सहायता केन्द्र (0508) पूर्णिया कॉलेज पूर्णिया के सहायक समन्वयक डॉ.सुरज सिंह ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सत्र जून 2026 के लिए असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थियों की मांग और उनकी सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विश्वविद्यालय ने समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। ताकि कोई भी योग्य छात्र परीक्षा से वंचित न रह जाए।
डॉ. सिंह ने शिक्षार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए 31 मई का इंतजार न करें और समय रहते अपने असाइनमेंट केंद्र पर जमा करा दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विस्तारित तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में असाइनमेंट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यदि कोई छात्र समय पर सत्रीय कार्य जमा नहीं करता है, तो उसे जून 2026 की परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जमा करने के लिए अनिवार्य शर्तें और प्रक्रिया
क्षेत्रीय निदेशक इग्नू क्षेत्रीय केंद्र सहरसा के निर्देशों का हवाला देते हुए डॉ.सुरज सिंह ने कुछ महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी भी दी है।
स्टेटस रिपोर्ट अनिवार्य: असाइनमेंट जमा करने से पूर्व प्रत्येक शिक्षार्थी को अपना Admission/Registration Status प्रस्तुत करना होगा। इसके बिना प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
मान्य पावती रसीद (Acknowledgement Slip): असाइनमेंट जमा करने के लिए केवल कार्यालय द्वारा जारी ‘Assignment Remittance–cum–Acknowledgement Slip’ ही मान्य होगी।
सटीक जानकारी: शिक्षार्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे उक्त स्लिप में अपना नाम, नामांकन संख्या (Enrollment Number), कोर्स कोड और अध्ययन केंद्र का विवरण स्पष्ट एवं सही रूप में भरें।
अन्य स्रोत वर्जित: डॉ.सिंह ने चेतावनी दी है कि किसी बाहरी फोटोस्टेट दुकान या अन्य अनधिकृत स्रोतों से प्राप्त स्लिप के आधार पर असाइनमेंट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शिक्षार्थी अपने असाइनमेंट पूर्णिया कॉलेज स्थित केंद्र पर कार्यालय अवधि के दौरान जमा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय का यह कदम उन छात्रों के लिए वरदान साबित होगा जो दूर-दराज के क्षेत्रों में रहते हैं या नौकरी पेशा हैं।

