world-no-tobacco-day-rally-purnia-ima.jpg

सड़क पर उतरे पूर्णिया के डॉक्टर्स और साइकिलिस्ट? कहा-सिर्फ फेफड़े नहीं, पूरा परिवार उजाड़ता है तंबाकू…GMCH में गूंजा ये संकल्प

पूर्णिया। न्यूजस्टिच
तंबाकू और धूम्रपान की गिरफ्त में आ रही युवा पीढ़ी को बचाने के लिए रविवार को पूर्णिया की सड़कों पर एक अनूठा और बेहद असरदार नजारा देखने को मिला। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर केवल भाषणों या बंद कमरों में संगोष्ठी करने के बजाय, शहर के नामचीन डॉक्टरों, साइकिलिस्टों और सामाजिक संगठनों ने एक साथ मिलकर सड़क पर मोर्चा संभाल लिया. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) पूर्णिया, रोटरी क्लब और पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य जागरूकता रैली ने पूरे शहर को नशामुक्त समाज के निर्माण का कड़ा संदेश दिया।

आईएमए भवन से जीएमसीएच तक गूंजे नशामुक्त भारत के नारे
रैली का आगाज आईएमए भवन से हुआ। सुबह के वक्त जब डॉक्टरों की टोली हाथों में तंबाकू के दुष्प्रभावों से जुड़ी तख्तियां लेकर निकली, तो उनके साथ रोटरी क्लब के सदस्य और साइकिलिंग एसोसिएशन के राइडर्स भी कदम से कदम मिलाकर चल पड़े। यह कारवां शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरते हुए लोगों को जागरूक करता रहा। इस रैली की सबसे बड़ी खूबसूरती यह थी कि इसमें सीनियर डॉक्टरों की गंभीरता और युवाओं का जोश एक साथ देखने को मिला। आखिरकार, यह विशाल रैली गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच), पूर्णिया के परिसर में पहुंचकर एक बड़ी जनसभा में तब्दील हो गई।

डॉक्टरों की दो टूक-तंबाकू पूरा परिवार उजाड़ता
रैली की कमान संभाल रहे आईएमए पूर्णिया के अध्यक्ष डॉ.आलोक कुमार ने युवाओं को चेताते हुए कहा कि तंबाकू का शौक आज की पीढ़ी को सीधे कैंसर, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी जानलेवा बीमारियों के मुंह में धकेल रहा है। वहीं, आईएमए के वित्त सचिव डॉ. तारकेश्वर कुमार ने इस मुद्दे को एक नए नजरिए से पेश किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन सिर्फ एक व्यक्ति के शरीर को नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके पीछे पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से उजाड़ देता है। अगर हमें एक मजबूत समाज चाहिए, तो तंबाकू मुक्त जीवन शैली को अपनी आदत बनाना होगा। समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश शर्मा, डॉ. अंगद चौधरी और डॉ. सुधांशु ने भी दोटूक शब्दों में कहा कि अब समय आ गया है जब तंबाकू के खिलाफ हर घर से आवाज उठनी चाहिए।

साइकिलिंग और सामाजिक संगठनों का मिला अनोखा साथ
इस अभियान को रफ्तार देने में पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन और रोटरी क्लब का विशेष योगदान रहा। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अनिल लोहिया के नेतृत्व में राजेश लोहिया, आलोक लोहिया, अभिनव विशाल, राज पंसारी, मो. कामिल और सुनील लोहिया ने नशामुक्त समाज के लिए हर संभव सामाजिक प्रयास करने का संकल्प लिया। दूसरी तरफ, साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव विजय शंकर के साथ मनोज पटोदिया, शशांक शेखर सिंह, राजू झा, अशोक पटोदिया और प्रणव ने पैडल मारकर यह संदेश दिया कि तंबाकू छोड़कर साइकिल चलाने से न सिर्फ स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।

युवाओं ने ली तंबाकू से ‘आजादी’ की शपथ
इस पूरे आयोजन का सबसे सकारात्मक पहलू युवाओं की भारी भागीदारी रही। अक्षत, प्रियांशी पंकज, यश और अंशुमन जैसे दर्जनों युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ रैली का नेतृत्व किया। जीएमसीएच परिसर में जब यह रैली समाप्त हुई, तो वहां मौजूद सैकड़ों डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जीवन में कभी भी तंबाकू उत्पादों को हाथ न लगाने की सामूहिक शपथ ली। पूर्णिया की इस सामूहिक मुहिम ने साबित कर दिया है कि अगर समाज के सभी वर्ग एक साथ आ जाएं, तो शहर को इस जानलेवा लत से पूरी तरह मुक्त कराया जा सकता है।