purnia-cleanliness-drive-dr-ak-gupta-statement-public-responsibility

पूर्णिया की सफाई पर डॉ. एके गुप्ता की अपील! जब तक लोग नहीं जुड़ेंगे, तब तक शहर स्वच्छ नहीं होगा

पूर्णिया। न्यूजस्टिच
ग्रीन पूर्णिया के संस्थापक अध्यक्ष और शहर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.अनिल कुमार गुप्ता ने जिला स्कूल में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते मैं रोज़ देखता हूं कि गंदगी किस तरह बीमारियों को जन्म देती है। अगर हम अपने शहर को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो हमें सबसे पहले इसे स्वच्छ रखना होगा। ग्रीन पूर्णिया का यह कारवां आपके बिना अधूरा है। आइए, हर रविवार अपने व्यस्त समय से मात्र दो घंटे निकालें और इस स्वच्छता महायज्ञ में अपनी आहुति दें। आपका एक छोटा सा प्रयास हमारे पूर्णिया को बदल सकता है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ.अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों की टीम ने स्कूल परिसर की न सिर्फ सफाई की, बल्कि वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। सुबह-सुबह भारी संख्या में ग्रीन पूर्णिया के सदस्य झाड़ू, कुदाल और तगाड़ी लेकर जिला स्कूल पहुंचे। देखते ही देखते पूरे परिसर में बिखरे प्लास्टिक कचरे, सूखे पत्तों और झाड़ियों को साफ कर दिया गया। एकत्रित किए गए कचरे का सही तरीके से निपटान किया गया।

3 सालों से लगातार जारी है सेवा का सफर
बता दें कि डॉ.अनिल कुमार गुप्ता की पहल पर शुरू हुई ‘ग्रीन पूर्णिया’ संस्था पिछले तीन सालों से बिना रुके शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रमुख मंदिरों की सफाई करती आ रही है। प्रत्येक रविवार को संस्था के सदस्य किसी एक सार्वजनिक स्थल को चुनते हैं और अपनी श्रमसाधना से उसकी सूरत बदल देते हैं। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते 3 वर्षों में पूर्णिया की जनता का भरपूर प्यार और सहयोग मिला है, जिससे टीम का हौसला हर हफ्ते दोगुना हो जाता है।

युवाओं से की जुड़ने की अपील
अभियान के दौरान स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने ग्रीन पूर्णिया के इस नि:स्वार्थ प्रयास की जमकर सराहना की। संस्था के सदस्यों ने जिला स्कूल के छात्रों और वहां मौजूद युवाओं से अपील की कि वे अपने आसपास के परिवेश को साफ रखें और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। इस स्वच्छता अभियान में शहर के कई अन्य चिकित्सक, व्यवसायी, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक सुर में संकल्प लिया कि पूर्णिया को कचरा मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए यह कारवां आगे भी इसी तरह निरंतर चलता रहेगा। इस मौके पर नीलम अग्रवाल, आलोक लोहिया, संजीव कुमार, संजय कुमार, श्याम चौधरी, गौतम भौमिक, पंकज कुमार, अमर कुमार, नितेश कुमार, पूनम अग्रवाल, रूबी कुमारी, नीलू कुमारी, नेहा कुमारी, निगम कुमार, जावेद आलम, बैडमिंटन कोच के साथ सभी खिलाड़ी एवम अस्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।