पूर्णिया। न्यूजस्टिच
शहर के कला भवन के मुक्ताकाश प्रशाल में शुक्रवार को केंद्र सरकार के 12 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर “जिला स्तरीय प्रबुद्धजन एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री माननीय ललन सिंह (राजीव रंजन सिंह) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, प्रशासनिक पदाधिकारी और जिले के प्रबुद्धजन भारी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम में शहर के सुप्रसिद्ध सर्जन डॉ. अनिल कुमार गुप्ता भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मंत्री लेसी सिंह से मुलाकत की। मुलाकात के दौरान भाजपा नेता डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से सांसद एवं विधायक के लिए जनप्रतिनिधि कार्यालय का निर्माण करने की मांग की। डॉ. एके गुप्ता ने कहा कि जब प्रधानमंत्री कार्यालय हो सकता है, मुख्यमंत्री का ऑफिस हो सकता है। तो सांसद और विधायक के लिए कार्यालय क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र मं जनसेवक कार्यालय का निर्माण होना चाहिए। जहां जनप्रतिनिधि अपने दैनिक कार्यों के अलावा क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुन सकें और उनके बीच कार्य कर सकें।
दुग्ध उत्पादन उद्योग की स्थापना से मिलेगा रोजगार
डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने सीमांचल और पूर्णिया क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन की असीम संभावनाओं को देखते हुए यहां दुग्ध आधारित एक बड़ा उद्योग (डेयरी प्लांट) स्थापित करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। ताकि स्थानीय किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सके और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें।
मंत्री और विधायक ने जताया आभार
बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह और विधायक विजय खेमका ने भी केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त उपलब्धियों को गिनाते हुए पूर्णिया के विकास में हर संभव सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में प्रबुद्धजनों ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।

