पूर्णिया। न्यूजस्टिच
बिहार में एनडीए सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल में जश्न का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्णिया के सुप्रसिद्ध सर्जन और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और पूरी नई कैबिनेट को हार्दिक बधाई दी है। डॉ. गुप्ता ने पूर्णिया को 50 नई एसी ई-बसों की सौगात देने और क्षेत्र के दो कद्दावर नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सरकार का विशेष आभार प्रकट किया है।
जमीनी संघर्ष का दिलीप जायसवाल को मिला तौहफा
डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कैबिनेट में दिलीप जायसवाल को शामिल किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए उनके राजनीतिक सफर की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिलीप जायसवाल का राजनीति में उदय जमीनी स्तर के संघर्ष का परिणाम है। दिलीप जायसवाल लंबे समय से बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम रही है। उनके पास विधान परिषद के सदस्य के रूप में लगातार क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें सिक्किम का प्रदेश प्रभारी भी बनाया है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि दिलीप जायसवाल का प्रशासनिक अनुभव और सीमांचल की रग-रग से वाकिफ होना क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
लेसी सिंह: संघर्ष और शुचिता की मिसाल
डॉ. गुप्ता ने धमदाहा विधायक लेसी सिंह के रिकॉर्ड आठवीं बार मंत्री बनने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका संघर्षपूर्ण जीवन सीमांचल की हर महिला के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा, “एक महिला के रूप में व्यक्तिगत त्रासदियों को पार कर शिखर तक पहुंचने की उनकी यात्रा गौरवपूर्ण है। आठवीं बार मंत्री पद की शपथ लेना उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास और उनके कुशल नेतृत्व का प्रमाण है।”
विकास की राजनीति को मिलेगी नई ऊर्जा
भाजपा नेता डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने विश्वास जताया कि नई कैबिनेट में अनुभव और युवा ऊर्जा का शानदार संतुलन है। उन्होंने कहा कि दिलीप जायसवाल, लेसी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, श्वेता गुप्ता, मदन सहनी और श्रेयसी सिंह जैसे नेताओं की मौजूदगी से न केवल पूर्णिया, बल्कि पूरे प्रदेश में विकास की गति तेज होगी। डॉ. गुप्ता ने अंत में कहा कि पूर्णिया को मिली 50 एसी ई-बसों की सौगात से यहाँ की परिवहन व्यवस्था आधुनिक होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में यह नई सरकार ‘डबल इंजन’ की रफ्तार से ऐतिहासिक कार्य करेगी।
