इंदिरा गांधी स्टेडियम में पौधरोपण करते डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता व अन्य सहयोगी।

Purnia News: ‘ग्रीन पूर्णिया’ और एथलीटों का अनूठा प्रयास, इंदिरा गांधी स्टेडियम में रोपे 70 पौधे

पूर्णिया: न्यूजस्टिच
शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही सामाजिक संस्था ‘ग्रीन पूर्णिया’ ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। संस्था की ओर से स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में एक विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें खेल प्रेमियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अभियान के तहत स्टेडियम परिसर में अशोका प्रजाति के 70 पौधे रोपे गए।

खिलाड़ियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता युवाओं और एथलीटों की सक्रिय भागीदारी रही। ‘ग्रीन पूर्णिया’ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में ‘एकलव्य संस्था’ के एथलेटिक खिलाड़ियों और उनके कोच का विशेष सहयोग रहा। युवा खिलाड़ियों ने न केवल उत्साह के साथ गड्ढे खोदकर पौधे लगाए, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी देखरेख करने का भी संकल्प लिया। वहीं, पूर्णिया एथलेटिक सोसाइटी के सचिव रहमान ने भी इन पौधों की नियमित देखभाल का पूरा आश्वासन दिया है।

3 वर्षों से निरंतर जारी है हरियाली और स्वच्छता का अभियान

डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि ‘ग्रीन पूर्णिया’ संस्था पिछले 3 वर्षों से शहर के विभिन्न पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पौधरोपण कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना भर नहीं है, बल्कि उनके पेड़ बनने तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पौधरोपण के साथ-साथ संस्था द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।

स्थानीय लोगों ने की सराहना

खेल परिसर में हुए इस प्रेरणादायक आयोजन की स्थानीय नागरिकों ने भी खुलकर प्रशंसा की है और शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में ग्रीन पूर्णिया के सचिव रवीन्द्र सह, नीलम अग्रवाल, आलोक लोहिया, प्रदीप अग्रवाल, अशोक मिश्रा, संजीव कुमार, गौतम और लता झा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।