सुपौल । न्यूजस्टिच
बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित एनएच-327ई पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटैया चौक के पास सड़क किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप बैठकर कीर्तन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित फोर व्हीलर ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन कीर्तन कर रहे लोगों को कुचलते हुए लगभग 50 मीटर दूर जाकर एक दुकान में जा घुसा। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों में एक ही पंचायत के लोग शामिल
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। ये सभी मृतक कटैया पंचायत के अलग-अलग वार्डों के रहने वाले थे। वहीं हादसे में रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी। देर रात डीएम सावन कुमार के निर्देश पर एसडीएम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इधर, 5 मौतों के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि एनएच किनारे अवैध अतिक्रमण और दुकानों के कारण सड़क पर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे से स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाने और सख्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

