शादी कर लो, तभी जिंदा घर जाओगे! बिहार में गाय दिलाने के बहाने बना दिया ‘दूल्हा’, कट्टे की नोक पर  ‘पकड़ौवा विवाह’

बिहार में कानून की सख्ती के दावों के बीच ‘पकड़ौवा विवाह’ (जबरन शादी) का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रूह कंपा दी है। खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र में एक युवक को गाय दिलाने का झांसा देकर न केवल अगवा किया गया, बल्कि मौत का खौफ दिखाकर जबरन उसके सात फेरे करवा दिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित युवक को चंगुल से मुक्त करा लिया है।

पूरी घटना की पटकथा 29 जनवरी की दोपहर लिखी गई। डुमरिया खुर्द निवासी 28 वर्षीय मन्नयम कुमार को उसी के गांव के कमल कुमार राय ने अपनी बातों में फंसाया। कमल ने मन्नयम को झांसा दिया कि वह उसे एक अच्छी गाय दिलवाएगा। मन्नयम भरोसे में आकर उसके साथ कन्हैयाचक से लगार और फिर सिराजपुर पहुंच गया।

सिराजपुर पहुंचते ही आरोपियों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। सबसे पहले मन्नयम का मोबाइल फोन चार्जिंग के बहाने छीन लिया गया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके। जैसे ही मन्नयम ने रात होने पर घर जाने की जिद की, कमल कुमार राय ने उसके पेट पर पिस्टल सटा दी। आरोपियों ने दो टूक शब्दों में कहा ‘शादी कर लो, तभी जिंदा घर जाओगे’। जब मन्नयम ने इस नाइंसाफी का विरोध किया, तो वहां मौजूद कमल कुमार राय, चुहवा कुमार, प्रिंस कुमार और 5-6 अन्य अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। चोटों और हथियारों के डर से सहमे मन्नयम को आखिरकार रात 11 बजे जबरन मंडप में बैठा दिया गया और खौफ के साये में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

शादी का यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चल ही रहा था कि मन्नयम के बहनोई को इसकी भनक लग गई। उन्होंने तुरंत परबत्ता थाना पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम ने देर रात सिराजपुर गांव में छापेमारी की। पुलिस की आहट पाते ही आरोपी युवक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

परबत्ता थाना पुलिस ने पीड़ित मन्नयम को सकुशल बरामद कर थाने लाया है। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे बंधक बनाकर मारा गया और जान से मारने की धमकी देकर जबरन शादी कराई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *