बिहार के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शुमार के.नगर प्रखंड स्थित मां कामाख्या मंदिर परिसर में आगामी 19 मार्च से 28 मार्च 2026 तक भव्य राज्य स्तरीय ‘मां कामाख्या महोत्सव’ का आयोजन होने जा रहा है। चैती दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस मेले की भव्यता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मंगलवार को जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार (IAS) और पुलिस अधीक्षक सुश्री स्वीटी सहरावत (IPS) ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया और महोत्सव की पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।
विधि-व्यवस्था और सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर परिसर की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और कार्यक्रम स्थल के चिह्नीकरण को समय सीमा के भीतर पूरा करने का आदेश दिया।

प्रशासन और ट्रस्ट के बीच समन्वय
एसपी स्वीटी सहरावत ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग व पुलिस बलों की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे मंदिर ट्रस्ट के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें ताकि महोत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
मौके पर मौजूद रहे ये अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक और निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त (DDC), अपर समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, के.नगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बता दें कि हर साल चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि इलाके की सांस्कृतिक पहचान भी है।
यह भी पढेंः
बिहार में इंटर परीक्षार्थी को मारी गोली, परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही छात्र पर फायरिंग, इलाज जारी

