पोस्टमार्टम कराने के दौरान मौजूद पुलिस व मृतका के परिजन।

बैठकर देख रहे थे टीवी, सिर दर्द का बहाना बना कमरे में गई अधिकारी की पत्नी; फिर पंखे से झूलती मिली लाश

शहर के हवाई अड्डा रोड स्थित एक किराए के मकान में शुक्रवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब बीकोठी के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (BCO) चंदन कुमार की पत्नी मन्नू कुमारी (30) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना से पहले तक पति-पत्नी साथ बैठकर टीवी देख रहे थे, जिसके कुछ ही देर बाद इस आत्मघाती कदम ने सबको झकझोर दिया है।

मृतिका के ससुर, सेवानिवृत्त एएसआई शिवशंकर पासवान के अनुसार, शुक्रवार सुबह माहौल बिल्कुल सामान्य था। मन्नू अपने पति चंदन के साथ बैठकर टीवी देख रही थी। इसी बीच उसने सिर में तेज दर्द होने की बात कही और आराम करने के लिए कमरे में चली गई। जब काफी देर तक उसने फोन नहीं उठाया और कमरा अंदर से बंद मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर मन्नू का शव पंखे से झूल रहा था।

परिजनों का कहना है कि एक साल पहले अपनी मां के निधन के बाद से मन्नू गहरे मानसिक अवसाद (Depression) में थी। हालांकि, घटना के पीछे एक जमीन का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया गया कि पटना में एक कीमती जमीन पहले मन्नू के नाम थी, जिसे हाल ही में चंदन ने वापस अपने नाम करवा लिया था। हालांकि ससुर का दावा है कि यह मन्नू की मर्जी से ही हुआ था।

सूचना मिलते ही केहाट थाना की एसआई नेहा कुमारी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *