गोली लगने के बाद जीएमसीएच में इलाजरत इंटर का परीक्षार्थी।

बिहार में इंटर परीक्षार्थी को मारी गोली, परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही छात्र पर फायरिंग, इलाज जारी

पूर्णिया में अभी सूरज बिहारी हत्याकांड के 10 दिन भी नहीं बीते हैं कि शहर में दिनदहाड़े एक और गोलीबारी की घटना हो गई। इस बार गोली इंटर के छात्र को मारी गई है। घटना केनगर थाना क्षेत्र के बाघमारा के पास घटी है। जहां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल केंद्र पर इंटर की परीक्षा देने आया था। इसी दौरान लौटने के दौरान घटना घटी है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से केंद्र के पास अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इधर, गोलीबारी की सूचना मिलते ही केनगर और केहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

घायल छात्र की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के संदीप गांव निवासी दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, दिव्यांशु अपनी परीक्षा खत्म कर केंद्र से बाहर निकला ही था कि तभी अचानक एक बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया। गोली दिव्यांशु के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दिव्यांशु को तुरंत पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, छात्र का इलाज चल रहा है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि गोली क्यों मारी गई, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आई और तुरंत घटना स्थल और अस्पताल पहुंची। पुलिस परीक्षा केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, हालांकि इस हमले ने परीक्षा देने आए अन्य छात्रों और अभिभावकों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *