होमगार्ड जवान के पकडौवा शादी की तस्वीर।

बिहार में पुलिस का पकड़ौवा बियाह! इंस्टाग्राम वाली प्रेमिका से मिलने पहुंचा था होमगार्ड जवान, खूब चला ड्रामा

सोशल मीडिया पर चैटिंग, इश्क और फिर मंदिर में जबरिया शादी। जी हां, बिहार में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां एक होमगार्ड के जवान को इंस्टाग्राम पर इश्क हुआ और जब वह प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा तो गांववालों ने उसका जबरिया ब्याह करा दिया। दरअसल, बेगूसराय में एक नवनियुक्त होमगार्ड जवाने को बेगूसराय की नाबालिग लड़की से इंस्टाग्राम पर प्यार हुआ और जब वह उससे मिलने पहुंचा तो उसकी प्रेमिका के साथ ही मंदिर में शादी करा दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के विभूतिपुर का रहने वाला 25 वर्षीय राकेश कुमार (जो वर्तमान में होमगार्ड की ट्रेनिंग ले रहा है) और बेगूसराय की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी के बीच 6 महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। यह दोस्ती जल्द ही प्यार और फिर शारीरिक संबंधों तक पहुंच गई। लड़की, जिसके सिर से मां का साया उठ चुका है और पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं, अपनी मौसी के घर रह रही थी।

हफ्ते भर साथ घूमने और शादी का प्लान बनाने के बाद दोनों मंसूरचक के महेंद्रगंज काली मंदिर पहुंचे। सिंदूर भी साथ था और इरादे भी नेक लग रहे थे। लेकिन मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते ही राकेश के कदम डगमगा गए और उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। प्रेमी के इस धोखे पर लड़की ने हंगामा शुरू किया, तो देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों के दबाव के बीच युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ (या यूं कहें कि दबाव में झुकना पड़ा)। आखिरकार, पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और सिंदूरदान की रस्म पूरी की गई।

अब यह ‘इंस्टाग्राम वाली शादी’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या यह वाकई प्यार की जीत है या सिर्फ कानूनी और सामाजिक दबाव का नतीजा?

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *