ड्राइवर की एक भूल और उजड़ गए दो घर! गोपालगंज में मौत बनकर झोपड़ी में घुसी स्कूल बस, दो मासूम की मौत

गोपालगंज। न्यूजस्टिच
बिहार के गोपालगंज जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक अनियंत्रित स्कूल बस ने दो मासूम जिंदगियों को बेरहमी से कुचल दिया। घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव की है। जहां एक बेकाबू स्कूल बस झोपड़ीनुमा घर में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में घर के भीतर सो रहे दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल है।

सीखने के चक्कर में उजड़ गया आशियाना
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद लापरवाही के कारण हुआ। स्कूल बस का चालक बस को दरवाजे पर खड़ी कर खाना खाने के लिए गया था। इसी दौरान उसका छोटा भाई बस चलाना सीखने के इरादे से ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। इंजन चालू कर दिया। नौसिखिया होने के कारण बस अचानक अनियंत्रित होकर उसी की झोपड़ी में जा घुसी, जहां बच्चे सो रहे थे।

मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले मासूमों की पहचान मुमताज नट के ढाई वर्षीय पुत्र इंताज और जहरूद्दीन नट के चार वर्षीय पुत्र आरिश के रूप में हुई है। घर में सो रही एक गर्भवती महिला भी बस की चपेट में आने से घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। मृतक के पिता मुमताज नट का कहना है कि यह पूरी घटना ड्राइवर के भाई की लापरवाही का नतीजा है।

यह भी पढ़ें
सूरज बिहारी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों ने मुजफ्फरपुर में किया सरेंडर, बेटे के गम में पिता ने सुबह तोड़ा था दम

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *